जानिए वर्ल्डकप से भारत के बाहर होने पर, विज्ञापन कंपनियों और स्टार चैनल को कितना नुक्सान हुआ
टीम इंडिया के सेमीफाइनल में हार के साथ ही तीसरी बार वर्ल्ड कप जीतने का सपना इस बार टूट गया, लेकिन सिर्फ टीम को ही झटका नहीं लगा बल्कि वर्ल्ड कप की आधिकारिक प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स को इससे बड़ा झटका लगा है| भारत के बाहर होने के बाद स्टार को सिर्फ विज्ञापन से ही 10 से 15 करोड़ रुपये का चूना लगने की आशंका जताई जा रही है| साथ ही भारत के फाइनल में नहीं खेलने से रेस्टोरेंट और मल्टीप्लेक्स को मैच के जरिए होने वाली बड़ी कमाई की संभावना भी खत्म हो गई है क्योंकि दर्शकों की रुचि इस मैच में कम हो गई है|
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि भारत अगर फाइनल में पहुंचता तो स्टार विज्ञापन के लिए प्रति सेकंड 25 से 30 लाख वसूलता, लेकिन अब वह इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले में विज्ञापन के लिए महज 15 से 17 लाख ही ले सकेगा| वहीं भारतीय टीम के फाइनल में नहीं होने से रेस्टोरेंट और मल्टीप्लेक्स में होने वाली कमाई पर असर पड़ सकता है माना जा रहा है| बड़े स्क्रीन पर मैच दिखाने के एवज में बड़े रेस्टोरेंट और मल्टीप्लेक्स अच्छी खासी कमाई करते ऐसा नहीं होने से अब माना जा रहा है कि 50 से 100 करोड़ का नुकसान हो सकता है|
मिंट ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया था कि वर्ल्ड कप से स्टार को 1,800 करोड़ रुपये का राजस्व होना था, लेकिन अब उसमें कमी आ सकती है भारत के बाहर होने से कितना नुकसान हुआ है, इस संबंध में विस्तृत जानकारी खिताबी मैच के बाद आ सकती है|
प्रसारणकर्ता स्टार इंडिया उम्मीद कर रहा था कि 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये टीवी विज्ञापन और 300 करोड़ हॉटस्टार के जरिए कमाई होगी| 2015 के वर्ल्ड कप की तुलना में इस बार डबल कमाई की उम्मीद थी| 4 साल पहले वर्ल्ड कप से स्टार इंडिया को 700 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी इस बार वर्ल्ड कप के लिए स्टार ग्रुप ने कम से कम 40 बड़ी कंपनियों के साथ करार किया हुआ है|

